दुमका के बंदोबस्त कार्यालय में उस समय हंगामा मच गया जब गोड्डा जिले के तेतरिया गांव से जुड़े एक भूमि विवाद मामले में आदेश से नाराज पक्षकारों ने सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी को उनके कार्यालय से बाहर निकालकर सीधे आयुक्त कार्यालय पहुंचा दिया। मामला वर्ष 824/2018 के भूमि विवाद से जुड़ा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि टाइटल सूट से संबंधित मामले में विपक्षी पक्ष के पक्ष में सेटलमेंट स्वीकृत कर दिया गया, जबकि उनके दस्तावेजों और दावों पर उचित विचार नहीं किया गया। घटना के बाद आयुक्त सचिव ने दोनों पक्षों को बुलाकर मामले की सुनवाई की और संबंधित अभिलेख तलब किए हैं।
गोड्डा जिले के तेतरिया गांव में जमीन विवाद को लेकर लंबे समय से चल रहे मामले ने सोमवार को नया मोड़ ले लिया। बंदोबस्त कार्यालय में आदेश पारित होने की जानकारी मिलने के बाद सुकरी देवी पक्ष के लोग बड़ी संख्या में कार्यालय पहुंचे और निर्णय पर आपत्ति जताई। इसी दौरान आक्रोशित लोगों ने सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी मनोज कुमार को उनके कार्यालय से बाहर निकालकर आयुक्त कार्यालय पहुंचा दिया। घटना के दौरान एक महिला अधिकारी के पैरों पर गिरकर न्याय की गुहार लगाती भी दिखाई दी।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मामले में बिना उचित जानकारी दिए और उनकी आपत्तियों पर विचार किए विपक्षी पक्ष उदय कृष्ण सिंह के पक्ष में आदेश पारित कर दिया गया। पीड़ित पक्ष की डोली कुमारी ने आरोप लगाया कि उन्हें आदेश की जानकारी समय पर नहीं दी गई और उनके दस्तावेजों को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए संथाल परगना आयुक्त के सचिव मनोज कुमार ने नगर थाना प्रभारी और एसडीपीओ को तत्काल कार्यालय बुलाया। दोनों पक्षों की मौजूदगी में मामले की जानकारी ली गई। आयुक्त सचिव ने संबंधित एएसओ को आदेश से जुड़े सभी अभिलेख और दस्तावेज एक दिन के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। साथ ही पीड़ित पक्ष को पूरी घटना से संबंधित आवेदन देने को कहा गया है।

आयुक्त सचिव ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी अधिकारी के निर्णय को लेकर शिकायत है तो उसके लिए निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने इस तरह की घटना को अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और आयुक्त के समक्ष सभी अभिलेख प्रस्तुत किए जाएंगे। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बंदोबस्त कार्यालय और आयुक्त कार्यालय परिसर में दिनभर इस घटना की चर्चा होती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *