दुमका में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भानु प्रताप शाही ने केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को गिनाते हुए झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और विकास कार्यों में लापरवाही का आरोप लगाया।
दुमका पहुंचे भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भानु प्रताप शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष बेमिसाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ देश लगातार आगे बढ़ रहा है। शाही ने दावा किया कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
वार्ता के दौरान भानु प्रताप शाही ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और तबादला-पोस्टिंग में अनियमितताएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
केंद्र पर बकाया राशि को लेकर राज्य सरकार के आरोपों को खारिज करते हुए शाही ने कहा कि इस मुद्दे पर जनता को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामला न्यायिक प्रक्रिया से जुड़ा रहा है और केंद्र सरकार नियमानुसार भुगतान कर रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र से राशि मिलने के बावजूद योजनाओं का लाभ लोगों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है। साथ ही इन योजनाओं की निष्पक्ष जांच की मांग भी की।
मंत्री इरफान अंसारी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भानु प्रताप शाही ने कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को जिम्मेदारी के साथ बयान देना चाहिए और समाज की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।हाल में स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी ने दुमका के फूलों झानों मेडिकल कॉलेज का नाम दुमका मेडिकल कॉलेज किये जाने पर कहा था की नाम में क्या रखा है।इस पर भानु शाही ने कहा की गलत बात है यह। अगर इरफ़ान बोलते हैं तो यह बहुत आपत्तिजनक बात है। तो मैं इरफ़ान को भी कहूंगा कि अपना बेटा कृष का नाम बदल करके कुछ और रख दें या अपना नाम बदल करके कुछ और रख दें। ऐसी बात होती है क्या? क्या बोल दीजिएगा कि कुछ भी नाम रख दें हम? क्या बात है इसमें? हम पैसा निकालना चाहते हैं, पैसा निकालने के चलते आप पिताजी का नाम बदल दीजिएगा? पैसा निकालने के चलते अपना नाम बदल दीजिएगा, अपने बेटे का नाम बदल दीजिएगा? सेंटीमेंट से नहीं खेलने दिया जाएगा इरफ़ान अंसारी को। यह बांग्लादेश नहीं है, यह पश्चिम बंगाल नहीं है, यह झारखंड है। झारखंड के सेंटीमेंट के साथ उनको चलना है तो चलें, नहीं तो अपना बोरिया-बिस्तर बांधें और बांग्लादेश जाएं।
कुल मिलाकर भानु प्रताप शाही ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखते हुए झारखंड सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए और विभिन्न योजनाओं की जांच की मांग की।
